परिवहन उप निरीक्षकों का 3 महीने का बुनियादी प्रशिक्षण पूरा, उत्कृष्ट ट्रेनीज हुए सम्मानित

भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल में आयोजित तीन माह अवधि के परिवहन उप निरीक्षक बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। 9 मार्च से 5 जून तक संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 21 परिवहन उप निरीक्षकों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

समापन समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) आदर्श कटियार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए पुलिस सेवा में सत्यनिष्ठा, अनुशासन, पारदर्शिता, संवेदनशीलता तथा जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल का उपयोग नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने तथा सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने में किया जाना चाहिए।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को नवीन आपराधिक कानूनों, मोटरयान अधिनियम, पुलिस नियमों एवं प्रक्रियाओं, नेतृत्व विकास, व्यावसायिक दक्षता तथा पुलिस अनुशासन जैसे विषयों का व्यापक प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही आर्म्स प्रशिक्षण, परेड, बलवा नियंत्रण अभ्यास, शारीरिक प्रशिक्षण, योग तथा अन्य मैदानी गतिविधियों का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

आधुनिक पुलिसिंग तकनीकों से परिचित कराने के लिए प्रशिक्षु अधिकारियों को डायल-112, पुलिस कमिश्नरेट, पुलिस मुख्यालय, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी), स्मार्ट सिटी कंट्रोल सेंटर तथा फ्लाइंग स्क्वॉड का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु अधिकारियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रशिक्षु अधिकारियों ने अपनी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

 

 

Next Post

रात्रि चौपाल: अतिक्रमण और अवैध शराब पर कलेक्टर सख्त, 11 जून को लगेगा बिजली शिविर

Sun Jun 7 , 2026
सिवनी मालवा। ग्राम पंचायत चौतलाय में प्रशासन आपके द्वार अभियान के तहत आयोजित रात्रि चौपाल में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने बीपीएल सूची से अपात्र नाम हटाने, गांव के अतिक्रमण सात दिन में हटाने तथा अवैध शराब के खिलाफ […]

You May Like