
उज्जैन। छत्री चौक से गोपाल मंदिर मार्ग चौड़ी करने में शाही मस्जिद के एक हिस्से को तोड़ने की सहमति प्रशासन और कमेटी के बीच बनने के बाद सोमवार सुबह तोड़ने का काम शुरू होते ही कुछ उपद्रवियों ने पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी और लाठी चार्ज कर उपद्रव करने वालों को खदेड़ते हुए कुछ देर में ही स्थिति को नियंत्रण में ले लिया।
सिंहस्थ 2028 को लेकर शहर में मार्ग चौड़ीकरण करने का कार्य चल रहा है। मार्गो पर बने धार्मिक स्थलों को सहमति के बाद हटाया जा रहा है। छत्री चौक से गोपाल मंदिर मार्ग भी 15 मीटर चौड़ा किया जाना है । यहां पर शाही मस्जिद बनी हुई है, जो चौड़ीकरण में आ रही थी। मस्जिद कमेटी के बीच रात में एक हिस्से को तोड़ने पर सहमति बन गई। सोमवार सुबह कमेटी के द्वारा ही तीसरी मंजिल के ऊपरी हिस्से को तोड़ने का काम शुरू किया गया। आशंका के मुताबिक रात में ही पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी। तुड़वाई का काम शुरू होने के कुछ देर बाद ही टंकी चौक ढाबा रोड मार्ग पर उपद्रवी एकत्रित हो गए और शाही मस्जिद की ओर जाने का प्रयास करने लगे । पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया । उन्होंने पथराव शुरू कर
दिया । स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी और कुछ लोगों पर लाठी चार्ज कर खदेड़ दिया। पूरे क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी । स्थिति को नियंत्रण में लेने के बाद छत्री चौक से गोपाल मंदिर की ओर आने जाने वाले रास्तों को पूरी तरह से बंद कर
दिया ।
अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई
उपद्रवियों द्वारा किए गए पथराव के बाद स्थिति नियंत्रण में लेकर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम पुलिस ने कर दिए गए थे लेकिन सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई जाने लगी जिसको लेकर पुलिस एक्शन में आई और 8 से 10 अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया । लेकिन देर शाम तक पुलिस ने किसी के भी खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि नहीं की थी।
एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष हिरासत में
शाही मस्जिद तोड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद जानकारी सामने आई थी कि पुलिस ने एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान को गिरफ्तार कर लिया। जिसे नागझिरी थाने ले जाया गया। फिलहाल पुलिस शहर की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं । पूरे शहर में पुलिस भ्रमण कर रही है। मस्जिद और आसपास के क्षेत्र में ड्रोन से उपद्रव करने वालों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस के तमाम अधिकारी मौके पर
रात में ही रैपिड एक्शन फोर्स के साथ सात से अधिक थानों का पुलिस बल गोपाल मंदिर क्षेत्र में तैनात कर दिया गया था । आईजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह सहित तमाम अधिकारी मौके पर मौजूद थे।
शहरकाजी ने जारी किया बयान
शहर काजी खालीकुरहमान ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर समाज जनों से अपील करते हुए कहा कि मसला रात में ही सुलझा लिया गया था। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान ना दें और बाजार की ओर नहीं जाएं।
इनका कहना है….
कमेटी से चर्चा के बाद उन्हीं के द्वारा मस्जिद के हिस्से को तोड़ा जा रहा है । सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल की तैनाती की गई है। कुछ लोगों ने पथराव करने का प्रयास किया था । पुलिस ने आंसू गैस छोड़कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। सभी को समझाइए दी गई है ।नमुस्लिम समाज के वरिष्ठ जनों के संदेश भी समाज जनों को पहुंच जा रहे हैं।
प्रदीप शर्मा, एसपी
