मतदाता सूची पुनरीक्षण: पश्चिम बंगाल, राजस्थान सहित पांच जगह की नयी सूची का मसौदा मंगलवार को

नयी दिल्ली, 15 दिसंबर (वार्ता) विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत पश्चिम बंगाल, राजस्थान, गोवा, पुडुचेरी और लक्षद्वीप की संशोधित सूचियों का मसौदा मंगलवार को प्रकाशित किया जाएगा।

चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने सोमवार को यहां बताया कि इन राज्यों और क्षेत्रों के मुख्य चुनाव अधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी सूची के मसौदे की लिखित प्रतियां सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध करायेंगे। सूची का मसौदा संबंधित राज्य और केंद्र शासित क्षेत्र के मुख्य चुनाव अधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाएगा।

आयोग के आदेश के अनुसार बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर मतदाता गणना प्रपत्र पहुंचाए जाने और उन्हें एकत्रित करने के दौर में अनुपस्थित , स्थायी रूप से दूसरे क्षेत्रों में जा चुके , मृत या एक से अधिक जगह की सूची में पंजीकृत डुप्लीकेट लोगों की सूची भी मुख्य चुनाव अधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइट पर अलग से अपलोड की जाएगी।

मसौदा सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए लोगों के पास कल से 15 जनवरी 2026 तक का समय होगा। इसके साथ ही मतदाता पंजीकरण अधिकारी प्राप्त मतदाता गणना प्रपत्रों पर नोटिस देने, उस पर सुनवायी तथा निस्तारण का काम शुरू करेंगे यह काम सात फरवरी तक चलेगा।

इन राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों की नयी मतदाता सूची 14 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी जो संदर्भ के लिए एक जनवरी 2026 की सूची कही जाएगी।

आयोग ने 12 राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों में एसआईआर के लिए आदेश 27 अक्टूबर 2025 को जारी किये थे।

 

 

Next Post

हाईवा एवं बाइक की टक्कर में 3 घायल

Mon Dec 15 , 2025
सीधी। कोतवाली थानांतर्गत कुबरी बाईपास में आज शाम करीब 7.30 बजे हाईवा एवं बाइक की टक्कर में बाइक में सवार तीन लोग घायल हो गये। खबर लिखे जाने तक घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी।भीषण सड़क हादसा में घायल प्रथम दृष्टया किसी कम्पनी के मजदूर लग रहे थे। तीनों […]

You May Like