
भोपाल। आगामी राज्यसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपनी एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का प्रदर्शन करते हुए भोपाल स्थित इंदिरा भवन में कांग्रेस विधायक दल की उच्चस्तरीय रणनीतिक बैठक आयोजित की। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी रणनीति, संगठनात्मक समन्वय और अधिकृत उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से मंथन किया।
बैठक में मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन, कांग्रेस विधायक दल के सदस्य, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने ऑनलाइन माध्यम से बैठक में भाग लेकर विधायकों का मार्गदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने इसे चुनाव से पूर्व संगठन में एकता और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि बैठक पूरी तरह सकारात्मक, शांतिपूर्ण और एकजुट माहौल में सम्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा अधिकृत राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में कांग्रेस के सभी विधायक मजबूती से खड़े हैं।
सिंघार ने पार्टी में किसी भी प्रकार के मतभेद की अटकलों को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी भ्रम और अफवाहें फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि यदि भाजपा तीसरा उम्मीदवार भी मैदान में उतारती है, तब भी कांग्रेस आरामदायक बहुमत से जीत दर्ज करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन गांधीवादी विचारधारा की सशक्त प्रतिनिधि हैं। उन्होंने कहा कि उनकी उम्मीदवारी महिलाओं के सशक्तिकरण, स्वच्छ राजनीति और जनसेवा के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पटवारी ने दावा किया कि प्रदेश और देश में कांग्रेस तथा राहुल गांधी के नेतृत्व के प्रति जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
वहीं मीनाक्षी नटराजन ने पार्टी नेतृत्व द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक न्याय के मूल्यों की रक्षा के संकल्प का चुनाव है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी द्वारा सौंपे गए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगी।
