
भोपाल। फ्रेंड्स एंड ट्राइबल सोसायटी (वनबंधु परिषद) युवा एवं एफटीएस किड्स भोपाल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय गुरुकुल संस्कार शिविर का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। 1 से 3 जून तक अरेरा कॉलोनी में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लेकर भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक दायित्वों की शिक्षा प्राप्त की।
शिविर के दौरान योग, प्रार्थना, प्रेरक कथाएं, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियां और संस्कार शिक्षा के माध्यम से बच्चों के व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। आयोजकों ने बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का प्रयास किया।
अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया। आयोजन को सफल बनाने में पूजा कुलश्रेष्ठ, पूजा यादव, पूजा श्री चौकसे, क्रांति बंसल, स्मिता नाहर तथा एफटीएस युवा भोपाल टीम के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे संस्कारप्रधान कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
