
मंदसौर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मंदसौर के गणित विभाग के 10 विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया में सफलता हासिल करते हुए असिस्टेंट प्रोफेसर (गणित) के प्रतिष्ठित पद पर चयनित होकर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। एक साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के चयन से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे.एस. दुबे ने बताया कि गणित विभाग की नन्दिता धनोतिया, नेहा शर्मा, संध्या मेल, राजेश धाकड़, आयुषि जेठानिया, काशीराम प्रजापति, अश्विनी पंवार, मोनिका कुमावत, आदित्य परिहार एवं नेहा बाघेरिया का चयन मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा असिस्टेंट प्रोफेसर (गणित) के पद पर किया गया है।
इस उपलब्धि पर प्राचार्य प्रो. जे.एस. दुबे, गणित विभागाध्यक्ष प्रो. तुषारकांत झाला सहित महाविद्यालय परिवार ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यार्थियों की इस सफलता को महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्राचार्य प्रो. दुबे ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। साथ ही महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि एक साथ 10 विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित पद पर चयन होना महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
गणित विभाग के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से न केवल महाविद्यालय, बल्कि पूरे मंदसौर जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है। महाविद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि चयनित विद्यार्थी अपने ज्ञान और शिक्षण कौशल से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देंगे।
