खरगे-राहुल-प्रियंका ने जयंती पर किया नेताजी को नमन

नयी दिल्ली, 23 जनवरी (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने महान स्वतंत्रता सेनानी और आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

श्री खरगे ने कहा, “ ‘जय हिंद’ एवं ‘तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ जैसे ओजस्वी नारों के माध्यम से देशवासियों में देशप्रेम और क्रांति की लहर का संचार करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष एवं हमारे प्रेरणास्रोत, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। मातृभूमि के प्रति उनका प्रेम, समर्पण व सांप्रदायिकता के ख़िलाफ़ उनका कड़ा विरोध, हम सभी को सदा राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।”

श्री गांधी ने अपने संदेश में कहा, “महान क्रांतिकारी, आज़ाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि। नेताजी का नेतृत्व, साहस, सामाजिक न्याय के लिए उनका संघर्ष, सहिष्णुता और समावेशिता के प्रति उनका योगदान आज भी हर भारतीय को प्रेरित करता है। भारत माता के अमर सपूत को मेरा सादर नमन, जय हिंद।”

श्रीमती वाड्रा ने कहा, “भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक, आजाद हिंद फौज के संस्थापक और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती पर सादर नमन। महात्मा गांधी जी ने नेताजी को ‘देशभक्तों का देशभक्त’ कहा था। नेताजी ने क्रांति, देशप्रेम और बलिदान का सर्वोच्च उदाहरण पेश किया। उनका योगदान और उनके विचार पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। जय हिंद।”

 

 

Next Post

संस्कार भारती ने प्रयागराज महाकुंभ में निकाली शोभायात्रा

Thu Jan 23 , 2025
Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like