मुंबई,10 मार्च (वार्ता) बॉलीवुड स्टार वरूण धवन की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ 12 जून को रिलीज होगी। वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की रिलीज पोस्टपोन हो गई है। डेविड धवन के निर्देशन में बन रही यह रोमांटिक कॉमेडी पहले 05 जून 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब मेकर्स ने नई रिलीज डेट की घोषणा की है। अब यह फिल्म एक हफ्ते बाद 12 जून को थिएटर्स में आएगी। टिप्स फिल्म्स के मैनेजिंग डायरेक्टर रमेश तौरानी की ओर से ‘है जवानी तो इश्क होना है’ के पोस्टपोन होने को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
रमेश तौरानी ने अपने बयान में कहा है, ‘हम यह साफ करना चाहेंगे कि हमारी फिल्म है जवानी तो इश्क होना है, असल में 05 जून को रिलीज होने वाली थी, एक तारीख जिसे हमने कई महीने पहले अनाउंस किया था। हालांकि, हाल के डवलपमेंट और मौजूदा हालात को देखते हुए, हमें लगा कि अपनी रिलीज को शिफ्ट करना ज्यादा सही होगा।’ उन्होंने कहा, ‘हमारा पक्के तौर पर मानना है कि इंडस्ट्री के लिए हमेशा यही अच्छा होता है, जब फिल्म बनाने वाले एक ही तारीख पर बेवजह मुकाबला करने के बजाय एक-दूसरे को सपोर्ट करते हैं। इसी एकता की भावना से, हमने ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की रिलीज को 12 जून तक आगे बढ़ाने और अपनी फिल्म को दर्शकों के सामने एक हफ्ते बाद लाने का फैसला किया है।’

