
इंदौर । औषधि नियंत्रक मनोज पुष्प के निर्देश और कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में औषधि विभाग की टीम ने शनिवार को लसूड़िया मोरी स्थित मोदी ब्रदर्स एसोसिएट्स पर निरीक्षण की कार्रवाई की।
औषधि निरीक्षक योगेश गुप्ता, लोकेश गुप्ता और सारिका अग्रवाल की टीम द्वारा की गई जांच में फर्म के परिसर में सेफ-टी किट की 9,360 किट संधारित मिलीं। इन किटों का बाजार मूल्य करीब 40 लाख रुपये बताया गया है।
रिकॉर्ड जांच में सामने आया बड़ा आंकड़ा
जांच के दौरान फर्म द्वारा कुछ ही विक्रय रिकॉर्ड प्रस्तुत किए गए। विभागीय टीम ने फर्म के क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर फर्म द्वारा करीब 1 लाख 75 हजार सेफ-टी किट की खरीद और बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई है।
जांच के दौरान मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों से संबंधित बिल और अन्य रिकॉर्ड भी सामने आए। इन दस्तावेजों की जानकारी औषधि विभाग के मुख्यालय भोपाल भेजी गई है। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए औषधि नियंत्रक के निर्देश पर प्रदेश के अन्य जिलों में भी संबंधित रिकॉर्ड और फर्मों की जांच की कार्रवाई शुरू की गई है।
धार कोठी की कार्रवाई से मिला था सुराग
विभागीय सूत्रों के अनुसार, धार कोठी स्थित गोदाम में पूर्व में की गई कार्रवाई के दौरान मिले रिकॉर्ड और सुरागों के आधार पर लसूड़िया मोरी स्थित मोदी ब्रदर्स एसोसिएट्स तक जांच पहुंची। इसके बाद फर्म के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड की पड़ताल की गई।
औषधि विभाग द्वारा अब सामने आए दस्तावेजों और बिलों की विस्तृत जांच की जा रही है। विभाग के अनुसार, औषधि नियंत्रक मनोज पुष्प के निर्देश पर पूरे मध्यप्रदेश में इस मामले से जुड़े रिकॉर्ड और संबंधित फर्मों की जांच की कार्रवाई जारी है।
