जम्मू, (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के कठुआ ज़िले के सीमावर्ती हीरानगर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक विजय शर्मा के पुत्र के लापता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन समेत कई जगहों पर जांच का दायरा बढ़ा दिया है। सुराग पाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, एक निजी विद्यालय का विद्यार्थी आदित्य शर्मा स्कूल से घर लौटा और बाद में शाम को खेलने चला गया। सूत्रों के अनुसार, आदित्य को शाम करीब पांच बजे एक बस में चढ़ते और किसी अनजान जगह की ओर जाते हुए देखा गया था। हालांकि, पुलिस इस जानकारी के साथ-साथ अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।
तलाशी के दौरान पुलिस देर रात कठुआ बस स्टैंड पहुंची और पूछताछ के लिए बस चालक और कंडक्टर को हिरासत में लिया। पुलिस उसके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने और उसके ठिकाने के बारे में सुराग जुटाने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित जगहों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है।
