
सलामतपुर। सलामतपुर स्टेशन के घोड़ापछाड़ से लांबाखेड़ा के बीच एक दर्दनाक और शर्मनाक घटना सामने आई। आज तड़के एक अज्ञात युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई, लेकिन उसका शव करीब दो घंटे तक रेलवे ट्रैक के बीच पड़ा रहा और इस दौरान कई ट्रेनें उसके ऊपर से गुजरती रहीं।
हैरानी की बात यह रही कि सूचना मिलने के बावजूद रेलवे अधिकारियों ने शव को हटाने में तत्परता नहीं दिखाई और पुलिस के आने का इंतजार करते रहे। स्टेशन मास्टर को मालवा एक्सप्रेस के चालक ने शव की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सांची स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। करीब 15 घंटे बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि सलामतपुर स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की स्थायी मौजूदगी नहीं है, जिससे ऐसे मामलों में देरी और लापरवाही सामने आती है।
