
जबलपुर। जबलपुर-कटंगी मार्ग पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बेलखाडू के पास नगना तिराहे पर एक भारी-भरकम ट्राला अचानक अनियंत्रित हो गया और सडक़ किनारे फंस गया। ट्राला के फंसते ही व्यस्त रहने वाले इस मार्ग के दोनों ओर वाहनों के पहिए थम गए और देखते ही देखते लंबा जाम लग गया। क्रेन से घंटों की मशक्कत के बाद ट्राला को बाहर निकाला गया ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्राला क्रमांक एमएच 40 सीटी 0882 नगना तिराहे के पास से गुजर रहा था, तभी वह सडक़ के किनारे जाकर फंस गया। दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीर जाम में फंसे रहे। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। क्रेन को मौके पर बुलाकर घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद ट्राला को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात को सुचारू किया जा सका।
