बंगाल में दो और मेडिकल कॉलेज खुलेंगे: अधिकारी

सिलीगुड़ी, (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को घोषणा की कि राज्य में दो और मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल खोले जाएंगे जिसमें से एक पश्चिम बर्धमान में और दूसरा अलीपुरद्वार में होगा।

यह घोषणा कलिम्पोंग में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के अलावा की गयी है, जिसकी आधारशिला जल्द ही रखी जाएगी। मुख्यमंत्री ने पहले कलिम्पोंग परियोजना को पहाड़ी इलाकों के लिए एक बड़ी हेल्थकेयर पहल के तौर पर घोषित किया था।

गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष बिमल गुरुंग के साथ अपनी बैठक के बारे में पूछे जाने पर, मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुंग ने उन्हें सात अक्टूबर को संगठन के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है, जिसमें लगभग 50,000 लोगों के जुटने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अगर उनके राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों के साथ यह कार्यक्रम नहीं टकराता है, तो वे इसमें शामिल होने की कोशिश करेंगे।

श्री अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार ने पहाड़ी इलाकों के लिए 465 योजनाओं को मंज़ूरी दी है, जिसके लिए 360 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इसमें से 63 करोड़ रुपये पहले ही जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अक्टूबर 2025 में भूस्खलन और अन्य आपदाओं के बाद पहाड़ी इलाकों में बहाली के काम के लिए आपदा प्रबंधन कोष से 249 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

हासीमारा एयरपोर्ट के बारे में श्री अधिकारी ने कहा कि इसे कमर्शियल एयरपोर्ट के तौर पर विकसित करने के लिए 28 सितंबर को पूर्वाह्न करीब 11.30 बजे केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री नायडू की मौजूदगी में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। ज़मीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। जलदापारा का दौरा करने और दो हाथियों का नाम रखने के बाद, अधिकारी ने वन मंत्री मनोज ओरांव और वन अधिकारियों की तारीफ़ की। उन्होंने कहा, “मैंने तीन गैंडों को उनके बच्चों और बाइसन के साथ देखा। अंदर बहुत काम हो रहा है। यह बहुत अच्छा है।”

 

Next Post

वर्ष 2026-27 सत्र के लिए सरकारी एमबीबीएस सीटों में बंगाल में सबसे ज़्यादा बढ़ीं

Wed Sep 23 , 2026
दुर्गापुर, (वार्ता) पश्चिम बंगाल में में 2026-27 अकादमिक सत्र के लिए देश में सरकारी MBBS सीटों में सबसे ज़्यादा बढ़ोतरी दर्ज की है। वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, हाल के महीनों में 975 सीटें जोड़ी गयी हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव नारायण स्वरूप निगम ने यहां एक […]

You May Like