यरुशलम, 22 सितंबर (वार्ता) इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को कहा कि वह इस सप्ताह संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान फलस्तीनियों के खिलाफ इजरायल की सैन्य कार्रवाई का बचाव करेंगे।
उन्होंने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी पर हमास का समर्थन करने का आरोप भी लगाया।
श्री नेतन्याहू की यह टिप्पणी न्यूयॉर्क के मेयर की सोमवार को सीएनएन से बातचीत में की गई टिप्पणी के जवाब में आई। श्री ममदानी ने श्री नेतन्याहू को ‘युद्ध अपराधी और फलस्तीनी लोगों के भयानक नरसंहार का सूत्रधार’ बताया था।
श्री नेतन्याहू को गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करना है।
श्री नेतन्याहू ने एक्स पर जारी एक संक्षिप्त वीडियो संदेश में कहा, “मैं संयुक्त राष्ट्र आ रहा हूं। मैं अपने वीर सैनिकों के बारे में सच्चाई बताऊंगा और आपके (ममदानी) बारे में भी सच्चाई बताऊंगा।”
श्री ममदानी इससे पहले श्री नेतन्याहू को गिरफ्तार करने की बात कह चुके हैं, हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि उनके पास ऐसा करने का अधिकार नहीं है।
श्री नेतन्याहू ने कहा, “शर्म कीजिए, श्री ममदानी। हमारे लोगों की हत्या करने वाले हमास के आतंकवादी राक्षसों का समर्थन करने के लिए शर्म कीजिए। न्यूयॉर्क के यहूदियों के खिलाफ दंगे भड़काने के लिए शर्म कीजिए।”
रिपब्लिकन पार्टी के कुछ विरोधियों ने श्री ममदानी को यहूदी विरोधी बताया है। वे इसके लिए श्री ममदानी की फलस्तीन समर्थक वकालत और गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाई की उनकी आलोचना का हवाला देते हैं।
श्री ममदानी ने यहूदी विरोधी भावना की निंदा की है। उनका कहना है कि इजरायल की सैन्य कार्रवाई की उनकी आलोचना को गलत तरीके से यहूदी विरोधी भावना के साथ जोड़ दिया जाता है।
