
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल में यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए ट्रैक नवीनीकरण एवं अनुरक्षण कार्यों को तेजी से किया जा रहा है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अगस्त तक 215 ट्रैक किलोमीटर रेल नवीनीकरण (टीआरआर), 184 ट्रैक किलोमीटर स्लीपर नवीनीकरण (टीएसआर) और 261 टर्नआउट नवीनीकरण (टीटीआर) के कार्य पूरे किए गए। इसके अलावा 189 टर्नआउट और 192 ट्रैक किलोमीटर प्लेन ट्रैक की डीप स्क्रीनिंग भी की गई। आधुनिक मशीनों और निर्धारित मानकों के तहत किए जा रहे इन कार्यों से ट्रैक की मजबूती, स्थिरता और विश्वसनीयता बढ़ने के साथ ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुगम संचालन में मदद मिल रही है। रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ट्रैक, सिग्नलिंग और विद्युत संबंधी अनुरक्षण के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अनुरक्षण ब्लॉक पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ट्रैक के रेल, स्लीपर, फास्टनिंग, गिट्टी और टर्नआउट जैसे प्रमुख घटकों की नियमित जांच व जरूरत के अनुसार नवीनीकरण किया जा रहा है। रेलवे के अनुसार इससे ट्रेनों की स्थिरता और यात्रियों के सफर में आराम बढ़ता है तथा औसत गति बढ़ाने में भी सहायता मिलती है।