सतना: रबी सीजन में किसानों को सिंचाई के लिए 10 घंटे और वर्तमान त्योहारी सीजन में आम उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऊर्जा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं. प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह ने बुधवार को सतना में आयोजित रीवा क्षेत्र की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सभी संधारण और सुधार कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए. उन्होंने दो टूक कहा कि विभाग का मुख्य कार्य बेहतर सर्विस डिलीवरी है इसलिए मैदानी स्तर पर सभी प्रबंध पुख्ता रखे जाएं.
5 डिवीजनों में डीटीआर बदलने की होगी जांच
बैठक में प्रमुख सचिव मनीष सिंह और मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता ने रीवा, सतना, सीधी और सिंगरौली संभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विद्युत आपूर्ति, मेंटेनेंस, रबी सीजन की तैयारियों और आरडीएसएस योजना के विस्तार कार्यों की गहन समीक्षा की.
सीधी और सिंगरौली में ही सुधरेंगे खराब ट्रांसफार्मर
बैठक के दौरान प्रबंध संचालक अजय गुप्ता ने ट्रांसफार्मर (डीटीआर) फेल होने के आंकड़ों पर चर्चा करते हुए बताया कि रीवा क्षेत्र में 15 अक्टूबर 2025 तक कुल 67,237 डीटीआर स्थापित किए गए थे जबकि इस वर्ष 15 अक्टूबर 2026 तक यह संख्या बढ़कर 67,916 हो गई है. इसी प्रकार पिछले वर्ष 15 अक्टूबर की स्थिति में 3,026 डीटीआर फेल हुए थे, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा 3,172 तक पहुंच गया है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि डीटीआर और बिजली आपूर्ति लाइनों का समय पर मेंटेनेंस किया जाए, तो ट्रांसफार्मर फेल होने की प्रक्रिया में कमी आएगी.
इसके साथ ही उन्होंने मुख्य अभियंता को रीवा वेस्ट, नागौद, रामपुर बघेलान, सीधी और बैढ़न में इस बात की जांच करने के निर्देश दिए कि वहां डीटीआर बदलने में निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया है अथवा नहीं. रबी सीजन की कार्ययोजना और पीक सीजन के लिए स्टॉक की जानकारी देते हुए प्रबंध संचालक ने बताया कि वर्ष 2025 में 75 फीडर उपलब्ध थे. जबकि इस बार रबी सीजन में 148 फीडरों से विद्युत आपूर्ति करने की योजना है. पिछले वर्ष लगभग 4 हजार डीटीआर बदलने की आवश्यकता पड़ी थी, जिसे देखते हुए इस बार 25 केवी के लगभग 5 हजार डीटीआर स्टॉक में उपलब्ध रखे गए हैं. उन्होंने आश्वस्त किया कि 25 केवी के डीटीआर की उपलब्धता और रिपेयरिंग में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं है.
बैठक में सीधी और सिंगरौली जिलों में ट्रांसफार्मर सुधार कार्य को लेकर भी अहम निर्णय लिया गया. वर्तमान में रीवा क्षेत्र में कुल 10 डीटीआर रिपेयर सेंटर हैं, जो केवल रीवा और सतना जिले में स्थित हैं. इस कारण सीधी और सिंगरौली के खराब ट्रांसफार्मर सुधारने के लिए यहां लाए जाते थे. प्रबंध संचालक ने बताया कि इस बार सीधी और सिंगरौली में ही स्थान चिन्हित कर वहीं रिपेयरिंग की व्यवस्था की जाएगी. जिससे वहां के सुधार योग्य डीटीआर अब सतना या रीवा नहीं लाए जाएंगे. इसके अलावा उन्होंने जानकारी दी कि सभी सब-स्टेशनों के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है और वर्क ऑर्डर भी जारी किए जा चुके हैं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्ष 2025-26 के सभी कार्य वर्क प्लान के हिसाब से हर हाल में 31 मार्च तक पूरे कर लिए जाएं.
