विजयादशमी पर असत्य पर सत्य की विजय का पर्व धूमधाम से संपन्न

सतना:शहर में विजयादशमी का पर्व अपार श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया. शहर की प्रमुख बिहारी रामलीला समिति तथा डालीबाबा रामलीला समिति के तत्वावधान में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम और लंकापति रावण के बीच हुए भीषण युद्ध का जीवंत मंचन किया गया. युद्ध के पश्चात अहंकार और बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया गया.शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के समापन पर शहर में विजयादशमी (दशहरा) का त्योहार अत्यंत हर्षोल्लास, भक्ति और धूमधाम के साथ मनाया गया. असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक इस पर्व पर शहर की सड़कों पर आस्था और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला.

शहर में मुख्य रूप से दो प्रमुख रामलीला समितियों के दतत्वावधान में राम- रावण युद्ध का मंचन कर रावण दहन किया गया. 130वें रामलीला के मंचन का आयोजन करने वाली विहारी रामलीला समिति का रावण दहन का आयोजन उत्कृष्ट विद्यालय एक के पीछे ग्राउंड में आयोजित किया गया. जब की 116वीं रामलीला के मंचन का आयोजन करने वाली डालीबाबा रामलीला समिति के रावण दहन का आयोजन नारायण तालाब के समीप स्थित मैदान में आयोजित किया गया था.

रावण दहन से पहले दोनों समितियों के मंचों पर कलाकारों द्वारा जीवंत रामलीला के मंचन को देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे. रामलीला का मंचन करने वाले पात्रों के पाठ सुन ऐसा लगा मानों उन पात्रों में भगवान का अंश उतर आया हो मंचन के दौरान जैसे ही भगवान श्री राम ने रावण का वध कर उसके पुतले का दहन किया पूरा मैदान जय श्री राम के उद्घोष से गूंज उठा. आतिशबाजी और जयकारों के साथ रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा.

दहन के बाद निकली भव्य शोभायात्रा
रावण दहन के उपरांत शहर भर में विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई. शोभायात्रा में भगवान श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूपों की आकर्षक झांकियां शामिल थीं. शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से गुजरने के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया. शोभायात्रा में ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजा की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए.

उमड़ा जनसैलाब शहर भर में भंडारों का आयोजन
दशहरे के इस शुभ अवसर पर शहर के प्रमुख मार्गों पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की. शाम होते-होते पूरे शहर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे त्योहार की रौनक और बढ़ गई. सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस व प्रशासन भी मुस्तैद नजर आया

प्रशासन रहा चौकस
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा कड़े प्रबंध किए गए थे. मुख्य मार्गों पर यातायात की सुगम व्यवस्था की गई थी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. दोनों समितियों के पदाधिकारियों ने शांतिपूर्वक आयोजन संपन्न होने पर मंच के माध्यम से नगरवासियों एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया.
इस दौरान सतना सांसद गणेश सिंह, सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा, महापौर योगेश ताम्रकार, विंध्य चेम्बर के अध्यक्ष सतीश सुखेजा, राजाराम त्रिपाठी, पुष्कर सिंह तोमर, राजेश चतुर्वेदी, भगवती पांडेय, संजय तीर्थवानी, मनीष तिवारी सहित शहर भर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे

Next Post

कोरोना इलाज के बीमा क्लेम में कटौती, कंपनी को ब्याज सहित भुगतान का आदेश

Thu Oct 22 , 2026
जबलपुर: कोरोना के इलाज के बीमा क्लेम में कटौती को अनुचित मानते हुए जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग ने यूनिवर्सल सोम्पो जनरल इंश्योरेंस कंपनी को महिला को 27,377 रुपये सात प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज सहित भुगतान करने का आदेश दिया है। आयोग ने मानसिक क्षतिपूर्ति के पांच हजार और परिवाद […]

You May Like