नयी दिल्ली, 12 अगस्त (वार्ता) देश की सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने सितंबर में मध्य एशियाई देशों के लिए मुंबई से दो नयी उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है।
एयरलाइंस ने मंगलवार को बताया कि वह 01 सितंबर से उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद और 02 सितंबर से कजाकिस्तान के अल्माटी के लिए मुंबई से सीधी उड़ानें शुरू करेगी। दोनों उड़ानें सप्ताह में चार दिन होंगी।
उड़ान संख्या 6ई 1821 मुंबई से सुबह 9.55 बजे ताशकंद के लिए रवाना होगी। यह सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शनिवार को उपलब्ध होगी। वापसी की उड़ान 6ई 1822 उसी दिन स्थानीय समय के अनुसार दोपहर बाद 4.20 बजे ताशकंद से रवाना होकर रात 9.55 बजे मुंबई पहुँचेगी।
मुंबई से अल्माटी की उड़ान संख्या 6ई 1817 मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को शाम सात बजे रवाना होगी। वापसी में उड़ान संख्या 6ई 1818 सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शनिवार को स्थानीय समय के अनुसार, रात 1.25 बजे अल्माटी से उड़ान भरेगी और सुबह 8.20 बजे मुंबई पहुँचेगी।
दिल्ली से इन दोनों शहरों के लिए पहले से ही इंडिगो की उड़ानें उपलब्ध हैं।
इंडिगो के वैश्विक बिक्री के प्रमुख विनय मल्होत्रा ने उम्मीद जतायी कि यात्री मुंबई से दुनिया के विभिन्न हिस्सों के लिए उड़ानों का आनंद उठायेंगे।
