
नई दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) भारत और जापान ने रक्षा, आर्थिक सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला, व्यापार-निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार और जनसंपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों की सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने पर जोर दिया है। जापानी सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को विदेश सचिव से मुलाकात के दौरान आर्थिक जोखिम कम करने और सप्लाई चेन को मजबूत बनाने के लिए भारत-जापान के बीच अधिक गहन आर्थिक सुरक्षा साझेदारी की जरूरत पर चर्चा की। एलडीपी के इंटरनेशनल ब्यूरो के महानिदेशक तारो कोनो के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विदेश सचिव से मुलाकात की। श्री कोनो जापान के रक्षा, विदेश और डिजिटल मंत्री रह चुके हैं। प्रतिनिधिमंडल 18 से 22 सितंबर तक भारत-जापान ‘डिस्ट्रिंग्विश्ड विजिटर्स प्रोग्राम’ के तहत भारत दौरे पर है।
प्रतिनिधिमंडल ने भारत के डीप-टेक उद्यमिता तथा अनुसंधान एवं नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र में हुई प्रगति और भारत के आर्थिक विकास, विनिर्माण क्षमता तथा उससे भारत और साझेदार देशों के लिए पैदा हो रहे अवसरों का उल्लेख किया। दोनों पक्षों ने हिंद-प्रशांत में शांति और स्थिरता के लिए राजनीतिक विश्वास, आपसी सद्भाव और साझा रणनीतिक दृष्टिकोण पर आधारित भारत-जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने 16वें वार्षिक शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री ताकाइची द्वारा तय दिशा के अनुरूप भारत-जापान संबंधों के दायरे और गहराई को तेजी से बढ़ाने की आवश्यकता पर सहमति जताई।
