
जबलपुर। एक शातिर ठग ने इंस्टाग्राम पर दोस्त बनकर मां की बीमारी का झांसा दिया और एक युवक से 90 हजार रुपये ऐंठ लिए। अधारताल पुलिस के मुताबिक, कटरा निवासी मोहम्मद जुबेर अहमद (19) पुराने बस स्टैंड के पास वाहनों का इलेक्ट्रिक काम कर रहा था। तभी उसके इंस्टाग्राम पर एक मैसेज आया, जिसमें भेजने वाले ने खुद को उसका दोस्त सुल्तान बताया। ठग ने लिखा कि मां की तबीयत खराब है और अर्जेंट 90 हजार रुपये की जरूरत है। उसने अपना मोबाइल बंद होने की बात कहकर पैसे भेजने के लिए दूसरा नंबर दिया। जुबेर ने मदद के इरादे से 90,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मोबाइल हैक कर 42 हजार उड़ाए
रांझी थाना अंतर्गत संजय नगर बड़ा पत्थर निवासी अमित राय (41) के पास उनके ममेरे भाई जलज शिवहरे के नंबर से मैसेज आया कि यूपीआई काम नहीं करने के कारण दिए गए क्यूआर कोड पर 42,000 भेज दें। अमित ने भाई की मदद समझकर पैसे ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद उसी नंबर से दोबारा 40,000 की मांग होने पर अमित को शक हुआ। उन्होंने परिवार की अनुभूति शिवहरे को फोन किया, जिन्होंने बताया कि जलज का मोबाइल हैक हो चुका है और कई लोगों को ऐसे मैसेज जा रहे हैं। ठगी का अहसास होने पर अमित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
