
जबलपुर। अधारताल स्टेशन पर खड़ी स्टेबल ट्रेनों को निशाना बनाकर बैटरियां चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को आरपीएफ ने रंगेहाथ पकड़ लिया, जबकि उनकी निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 32,500 रुपए कीमत की रेल संपत्ति बरामद हुई है। आरपीएफ पोस्ट जबलपुर के प्रभारी निरीक्षक राजीव खरब के नेतृत्व में एसआई आर.के. चन्देल, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र तिवारी, केदार और आरक्षक हरिकेश की टीम अधारताल क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदिग्धों को स्टेबल कोचों के नीचे घुसकर बैटरियां निकालते देखा गया। टीम ने घेराबंदी कर राशिद अली और मो. बसीम को मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ के बाद चोरी का माल खरीदने वाले साजिद अंसारी को भी पकड़ लिया गया। आरपीएफ के मुताबिक आरोपी स्टेशन के आउटर और यार्ड में खड़ी ट्रेनों से संवेदनशील बैटरियां निकालते थे, जिससे रेल संपत्ति को नुकसान के साथ परिचालन सुरक्षा पर भी असर पड़ने की आशंका थी। मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ आरपीएफ पोस्ट जबलपुर में रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। आरपीएफ ने बताया कि रेल संपत्ति की चोरी रोकने के लिए स्टेशनों, यार्ड और ट्रेनों के आसपास निगरानी बढ़ाई गई है।
