
जबलपुर। गोंडवाना एक्सप्रेस में यात्रियों से कथित अतिरिक्त वसूली की शिकायत पर जबलपुर स्टेशन पर पमरे की विजिलेंस टीम ने अचानक कार्रवाई की। प्लेटफार्म नंबर 6 पर ट्रेन पहुंचते ही ड्यूटी से उतरे तीन टीटीई को रोककर जांच की गई। दो टीटीई के पास निर्धारित राशि से अधिक नकदी मिलने पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता ने गुंजन कुमार और लक्ष्मी नारायण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। तीसरे टीटीई महेंद्र मीणा की भूमिका की जांच जारी है। शशांक गुप्ता ने बताया कि विजिलेंस जांच में दो टीटीई के पास अधिक धनराशि मिली थी, जिसके बाद दोनों को सस्पेंड किया गया।
गाड़ी संख्या 22182 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर गोंडवाना एक्सप्रेस के जबलपुर पहुंचते ही विजिलेंस टीम ने तीनों टीटीई गुंजन कुमार, लक्ष्मी नारायण और महेंद्र मीणा को रोक लिया। तलाशी में गुंजन कुमार के पास 5800 रुपये और लक्ष्मी नारायण के पास 2000 रुपये अतिरिक्त मिले, जबकि महेंद्र मीणा के पास अतिरिक्त राशि नहीं मिली। विजिलेंस को आशंका है कि महेंद्र ने रकम फेंकी हो सकती है, इसलिए स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, टीम को शिकायत मिली थी कि जबलपुर–झांसी और झांसी–जबलपुर के बीच यात्रियों से अतिरिक्त रकम वसूली जा रही है। शिकायत के आधार पर हुई जांच में अतिरिक्त नकदी मिलने के बाद कार्रवाई की गई।
