
जबलपुर। हनुमानताल थाना अंतर्गत बाबाटोला में रविवार दोपहर दिनदहाड़े चाकू मारकर हुई सूरज चौधरी की हत्या मामले में पुलिस ने अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही कातिल को दबोच लिया । इसके बाद उसे थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा एक अन्य को भी हिरासत में लिया है जिसे हत्या के आरोपी पर दोस्त का बदला लेने हमला किया था।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिव मंदिर के पास बाबाटोला निवासी सनी चौधरी (26) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके माता-पिता का स्वर्गवास हो चुका है। घर में वह और उसका छोटा भाई सूरज चौधरी (22) रहते थे। सूरज प्रहलाद टेंट हाउस में काम करता था। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे सनी अपने घर पर था, तभी पड़ोस में रहने वाले रवि चौधरी ने दौड़ते हुए आकर बताया कि मोहल्ले के ही भइयो उर्फ भूरा चौधरी ने सूरज पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया है। सूरज शंकर किराना दुकान के पास सडक़ किनारे नाली की पट्टी पर खून से लथपथ पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही सनी अपने चाचा बबली चौधरी के साथ पहुंचा वहाँ सडक़ किनारे नाली के पास सूरज तड़प रहा था और उसके सीने से लगातार खून बह रहा था। सनी और उसके चाचा सूरज को एक ई-रिक्शा में लादा और इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल भागे थे। रास्ते में जब सूरज को कुछ पलों के लिए होश आया, तो उसने तड़पते हुए अपने भाई को बताया कि भूरा ने उसे चाकू मारा है। इसके बाद सूरज अचेत हो गया और अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। चाकूबाजी के दौरान भूरा चौधरी भी हुआ था जिसे भी उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। टीआई सुभाष सिंह बघेल ने बताया कि मामले की जांच में यह बात सामने आई कि शराबखोरी के दौरान साथ में बैठे युवकों के बीच मेें विवाद हुआ इसके बाद भूरा ने सूरज पर हमला किया। सूरज पर हमला होता देख उसके दोस्त राजा चौधरी ने भूरा पर चाकू से वार किए थे। डिस्चार्ज होने पर भूरा को हिरासत में ले लिया गया है। जबकि राजा को भी दबोच लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है हालांकि मुख्य आरोपित गुमराह कर रहा है जिसके कारण अब तक हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है । फिलहाल दोनों से पुलिस पूछताछ कर पता लगाने में जुट गई है कि आखिर वारदात किन कारणों से हुई।
