![]()
बड़वानी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभाकक्ष में 22 अक्टूबर को एसपी पद्मविलोचन शुक्ल की अध्यक्षता में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिले की कानून-व्यवस्था, शासन की गाईडलाईन के अनुसार डीजे संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध, सीएम हैल्पलाईन शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण, संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम, लंबित प्रकरणों के त्वरित निपटान और विशेष रूप से गुम इंसानों की दस्तयाबी जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सघन समीक्षा की गई।
एसपी शुक्ल ने दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के प्रति पूरी तरह जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। कानून का उल्लंघन करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए और प्रत्येक थाना क्षेत्र में दृश्यमान एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही अन्य निर्देश भी दिए गए।
बैठक में एएसपी धीरज बब्बर, एसडीओपी रोहित अलावा, एसडीओपी अजय वाघमारे, एसडीओपी बीएल अटोदे, डीएसपी (अजाक) निलेश्वरी डावर, डीएसपी महिला सुरक्षा कैलाश चौहान, रक्षित निरीक्षक गजेंद्र निगवाल, उषा सिसोदिया, रजनी भार्गव, सूबेदार अलका वास्केल सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
