इंदौर: वीर सावरकर नगर स्थित माया भवन मल्टी के नीचे शनिवार को एक हार्डवेयर दुकान में अचानक आग लग गई. आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मल्टी में रहने वाले लोग तुरंत नीचे उतर आए. सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 20 हजार लीटर पानी डालकर आग पर काबू पाया. समय रहते आग बुझने से बड़ा हादसा टल गया.
आग लगते ही आसपास के लोगों ने केनों से पानी डालकर शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेज होने के कारण सफलता नहीं मिली. धुएं का गुबार ऊपरी मंजिल तक पहुंच गया, जिससे फ्लैटों में रहने वाले लोग घबराकर बाहर निकल आए. रहवासी सुभाष चौधरी ने बताया कि मल्टी में 5-6 फ्लैट हैं और सभी लोग समय रहते सुरक्षित नीचे आ गए. घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद प्रशांत बड़वे भी मौके पर पहुंचे और पानी का टैंकर बुलवाया. उन्होंने फ्लैटों में जाकर लोगों की मौजूदगी भी चेक की. इसी दौरान फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की और कुछ ही देर में आग पर नियंत्रण पा लिया.
दुकान में रखा हार्डवेयर का सामान जलकर राख
बताया जा रहा है कि आग शुभम इंटरप्राइजेंस नाम की हार्डवेयर दुकान में लगी थी, जो जी प्लस थ्री बिल्डिंग के नीचे किराए से संचालित होती है. आग में दुकान में रखा पीवीसी फिटिंग का सामान, पेंट-थिनर, हार्डवेयर सामग्री और फर्नीचर जलकर खाक हो गया. वहीं आग की लपटों से ऊपर स्थित सुभाष चौधरी के फ्लैट में पर्दे, पलंग और एलईडी टीवी भी जल गए. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.
