सागर। रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय, सागर को विधि पाठ्यक्रम आरंभ करने हेतु बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता मिल गई है।विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विनोद कुमार मिश्रा ने कहा कि सत्र 2026-27 में विधि संकाय के अंतर्गत तीन वर्षीय एल.एल.बी. एवं पाँच वर्षीय बी.ए.एल.एल.बी. पाठ्यक्रम आरंभ किये जा रहे हैं जिसमें विद्यार्थी वर्तमान सत्र में ही प्रवेश ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई विधि विभाग शुरू करने की घोषणा के अनुपालन में विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थी हित में व्यापक स्तर पर तैयारियाँ करते हुए विधि-पाठ्यक्रम आरंभ किए जाने के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया में आवेदन किया गया था जिसका बार काउंसिल ऑफ़ इंडिया की तीन सदस्यीय समिति द्वारा ऑनलाइन निरीक्षण किया गया। विश्वविद्यालय द्वारा विधि पाठ्यक्रम के आरंभ किए जाने हेतु आवश्यक पात्रता, संसाधन, पुस्तकालय, संकाय सदस्य संबंधी प्रस्तुति से संतुष्ट होने के पश्चात बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने प्रेषित पत्र के माध्यम से विश्वविद्यालय को विधि पाठ्यक्रम शुरू करने की अनुमति प्रदान की है। उन्होंने विश्वविद्यालय की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए सभी सहयोगियों के प्रति आभार प्रकट किया। कुलसचिव प्रो. शक्ति जैन ने विधि पाठ्यक्रम की शुरुआत को विश्वविद्यालय की उन्नति का एक महत्वपूर्ण सोपान माना । विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव पी.एल. सनोडिया ने विश्वविद्यालय के प्रवेश व परीक्षा संबंधी अद्यतन जानकारी दी एवं विधि विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद सिंह ने विधि पाठ्यक्रम में प्रवेश व पाठ्यक्रम संचालन संबंधी आवश्यक जानकारी दी।
