विदिशा।नगर के विभिन्न वार्डों के पार्षद प्रतिनिधि 29 जुलाई को हुई भारी बारिश से घरों में हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग को लेकर कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर संतोष बिटोलिया को ज्ञापन दिया गया। इस दौरान उन्होंने सर्वे कराकर जल्द से जल्द लोगों को राहत राशि वितरण करने की मांग की है।
इस दौरान वार्ड क्रमांक 7, 28, 34 और 32 के पार्षद प्रतिनिधि अखिलेश राजपूत, संजय अग्रवाल, राजेश लोधी, सतीश यादव ने बताया कि 29 जुलाई को भारी बारिश के कारण क्षेत्र के अधिकांश क्षेत्रों में पानी भर गया था। जिसके कारण से लोगों के घरों में पानी भरने से काफी नुकसान हुआ है, लेकिन अब तक जिला प्रशासन द्वारा क्षेत्र का सर्वे नहीं कराया गया है और न ही लोगों के लिए राहत राशि का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि हम लोग वार्ड में जाते हैं तो लोग हमसे शिकायत कर रहे हैं कि हमारे घरों में पानी भरने से काफी नुकसान हो गया है और अब तक हमारी सुध लेने के लिए कोई भी नहीं आया है। उन्होंने कहा कि निचले क्षेत्रों में पानी भर जाने के कारण घरों में रखे खाने पीने का सामान और अन्य सामग्री खराब हो जाने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में रक्षाबंधन का पर्व आने से लोगों के खर्च बढ़ गए हैं और लोगों का घरों में पानी भर जाने से काफी नुकसान हो गया है। ऐसे में लोगों को प्रशासन से उम्मीद है कि जल्द से जल्द राहत राशि मिल जाए, जिससे कि वह अपने नुकसान की कुछ भरपाई कर सकें। उन्होंने कलेक्टर के नाम आवेदन देखकर विभिन्न क्षेत्रों का सर्वे कराकर मुआवजा राशि दिए जाने की मांग की है।
