न्यूयोर्क, 18 सितंबर (वार्ता) दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे ने बर्कशायर हैथवे के अध्यक्ष (चेयरमैन) पद से हटने की घोषणा की है। उनके बेटे हावर्ड बफे नए अध्यक्ष के रूप में उनकी जगह लेंगे। जीवन में 96 वसंत देख चुके श्री वॉरेन बफे बोर्ड में बने रहेंगे और ‘चेयरमैन एमेरिटस’ (अध्यक्ष एमेरिटस) के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
वॉरेन बफे ने अपने ‘वैल्यू इन्वेस्टिंग’ के सिद्धांत का उपयोग करके बर्कशायर को दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में से एक बनाया। वह दुनिया के 10वें सबसे अमीर व्यक्ति और सबसे उदार दानदाताओं में शामिल हैं। एक इंडेक्स के अनुसार, वर्तमान में उनकी कुल संपत्ति 145 अरब डॉलर है। उनकी इस घोषणा के बाद बर्कशायर के शेयरों में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया। उन्होंने पिछले वर्ष के अंत में कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में अपना दशकों लंबा कार्यकाल समाप्त कर दिया था।
शुक्रवार को बर्कशायर के शेयरधारकों को लिखे एक पत्र में बफे ने कहा कि वे इसलिए पद छोड़ रहे हैं क्योंकि मौजूदा सीईओ ग्रेग एबेल उनकी उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने पत्र में अपनी ढलती उम्र का भी जिक्र किया और मजाकिया अंदाज में लिखा कि उनका पड़पोता, जो अभी एक साल का हुआ है, इन दिनों उनसे थोड़ा तेज चल रहा है। श्री बफे ने लिखा कि समय हमेशा जीतता है, लेकिन वह उनके प्रति उदार रहा है और उन्हें बर्कशायर को उस मुकाम तक पहुंचाने का मौका दिया है जहां वे भविष्य को लेकर पहले से कहीं अधिक आश्वस्त हैं।

