हमीदिया अस्पताल में डॉक्टरों पर जानलेवा हमला

तीन घायल, डॉक्टरों ने सुरक्षा की मांग की

भोपाल.9 मार्च राजधानी के हमीदिया अस्पताल में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे अस्पताल के आईसीयू-3 में भर्ती मरीज डॉली बाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों और वहां मौजूद भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों पर हमला कर दिया। हमले में तीन डॉक्टर घायल हुए हैं, जिनमें एक जूनियर डॉक्टर को सिर में गंभीर चोट आई है। कुछ ही देर में हथियारों से लैस और लोग भी आ गए और डॉक्टरों के साथ मारपीट की। घटना के समय आईसीयू में 10 से ज्यादा डॉक्टर मौजूद थे।

गांधी मेडिकल कॉलेज के प्रभारी डीन आर.पी. कौशल ने बताया, “एक गंभीर मरीज की मौत के बाद परिजन आईसीयू में घुस आए। डॉक्टरों के साथ मारपीट की। तीन डॉक्टर घायल हुए हैं, हालांकि उनकी चोटें गंभीर नहीं हैं। हमने तुरंत घटना की शिकायत कोहफिजा पुलिस से की है।”इस घटना से जुड़े दो वीडियो भी सामने आए हैं। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लोग डॉक्टरों पर हमला कर रहे हैं। वीडियो के आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हुई है। हमले के बाद अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। डॉक्टरों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी अपील की है।

ड्यूटी डॉक्टरों ने सीएमओ हमीदिया को पत्र लिखकर बताया कि हमीदिया अस्पताल में गंभीर घटना हुई है। आईसीयू (एच3डी) में भर्ती मरीज डॉली बाई की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा हुआ। मरीज को 9 मार्च 2025 को मृत घोषित किया गया था। इसके बाद करीब 30-40 लोगों की भीड़ ने आईसीयू में तैनात डॉक्टरों पर हमला कर दिया। हमलावरों के पास हथियार भी थे, जिससे अस्पताल परिसर में डर का माहौल बन गया।

मामले में जूडा अध्यक्ष डॉक्टर कुलदीप गुप्ता ने कहा, “घटना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। हम पहले भी डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर सीएम, डिप्टी सीएम, पुलिस कमिश्नर और प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र लिख चुके हैं। इससे पहले महिला डॉक्टर की कार में तोड़फोड़ हुई। कई बार यहां परिसर में रात में संदिग्ध लोग घूमते रहते हैं। इसके लिए हमें सुरक्षा दी जानी चाहिए।”

Next Post

सेना की टुकड़ी संयुक्त अभ्यास खंजर में हिस्सा लेने के लिए किर्गिस्तान रवाना

Sun Mar 9 , 2025
नयी दिल्ली 09 मार्च (वार्ता) भारतीय सेना की टुकड़ी किर्गिस्तान के साथ संयुक्त विशेष बल अभ्यास खंजर के 12 वें संस्करण में हिस्सा लेने के लिए रविवार को किर्गिस्तान के लिए रवाना हो गयी।   यह अभ्यास कल से शुरू होकर 23 मार्च तक चलेगा। वर्ष 2011 में शुरू हुआ […]

You May Like