इजरायल ने हमास से तीन बंधकों के अवशेष प्राप्त किए: प्रधानमंत्री कार्यालय

यरूशलम/ गाजा, 03 नवंबर (वार्ता/ शिन्हुआ) इजरायल ने कहा है कि उसे गाजा में हमास से तीन बंधकों के अवशेष प्राप्त हुए हैं। यह संघर्ष विराम समझौते के अंतर्गत शवों के आदान-प्रदान की जारी प्रक्रिया का हिस्सा है।प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार को एक बयान में कहा कि रेड क्रॉस की अंतरराष्ट्रीय समिति ने अवशेषों को गाजा पट्टी में इजरायली बलों को सौंप दिया है और उन्हें पहचान के लिए तेल अवीव के राष्ट्रीय फोरेंसिक संस्थान में भेजा जायेगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है कि पहचान प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद परिवारों को आधिकारिक सूचना दी जायेगी। अगर इसकी पुष्टि हो जाती है तो आठ बंधकों के शव अभी भी गाजा में रहेंगे, जबकि युद्धविराम के अंतर्गत हमास को युद्ध में मारे गये 360 फिलिस्तीनियों के शवों के बदले में 28 बंधकों को इजरायल को वापस सौंपना है।

हमास के अल-कस्साम ब्रिगेड ने एक बयान में कहा कि ये शव खान यूनिस के पूर्व में दक्षिणी गाजा पट्टी में एक सुरंग से बरामद किये गये। उन्होंने एक की पहचान कर्नल आसफ हमामी के रूप में की, जो एक इजरायली अधिकारी थे और सात अक्टूबर, 2023 को किबुत्ज़ निरिम की रक्षा करते हुए हमास के हमले में मारे गये थे।

एक अन्य बयान में, हमास के प्रवक्ता हज़म कासिम ने कहा कि यह हस्तांतरण आंदोलन की अदला-बदली प्रक्रिया को जारी रखने की दृढ़ प्रतिबद्धता के हिस्से के रूप में किया गया है। उन्होंने मध्यस्थों से आह्वान किया कि वे इजरायल पर युद्ध विराम समझौते के अंतर्गत गाजा पट्टी में अपने दायित्वों को पूरा करने के लिए दबाव डालें।गाजा स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, तीन सप्ताह से अधिक समय पहले लागू हुए युद्ध विराम के बावजूद, एक अक्टूबर से अब तक इजरायली गोलीबारी में कम से कम 236 फिलिस्तीनी मारे गये हैं, जबकि 600 अन्य घायल हुए हैं। इसने कहा कि सात अक्टूबर 2023 से अब तक इजरायली हमलों में मरने वालों की कुल संख्या 68,865 तक पहुंच गयी है।

 

 

 

Next Post

मध्य वियतनाम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 37 हुई

Mon Nov 3 , 2025
हनोई, 03 नवंबर (वार्ता/शिन्हुआ) मध्य वियतनाम में भारी बारिश और बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 37 हो गयी है जबकि पांच लापता हैं और 78 अन्य घायल हैं। यह जानकारी वियतनाम आपदा एवं बांध प्रबंधन प्राधिकरण ने सोमवार को दी। रिपोर्ट के अनुसार, 12,600 से अधिक घर अभी […]

You May Like