सतना: सतना-चित्रकूट राज्यमार्ग पर अनियंत्रित होकर ट्रक पलटने की घटना के साइड इफेक्ट तौर पर यातायात घंटों बाधित रहा. हलांकि दोपहर बाद क्रेन की मदद से ट्रक को रास्ते से हटा दिया गया. लेकिन इसके बावजूद भी जाम के असर के चलते शाम तक वाहन रेंगते नजर आए.प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगलुरु से टमाटर लोड कर लखनऊ की ओर जा रहा ट्रक जैसे ही सतना-चित्रकूट मार्ग जैसे ही पारचुआ मोड़ के निकट पहुंचा वैसे ही पीछे से आ रहे वाहन के चालक द्वारा साइड मांगा गया.
पीछे चल रहे वाहन को साइड देने के लिए जैसे ही ट्रक चालक ने अपना वाहन सडक़ के नीचे उतारने का प्रयास किया वैसे ही वह अनियंत्रित हो गया. चूंकि बारिश के चलते फिसलन अधिक थी. इसलिए अनिययंत्रित ट्रक फिसलते हुए पलट गया. ट्रक कुछ इस तरह से पलटा कि उसका तीन चौथाई हिस्सा मुख्य सडक़ पर आ गया. इस घटना के चलते मार्ग का यातायात पूरी तरह अवरुद्ध हो गया.
घटना की सुचना मिलने पर मौके पर पहुंची मझगवां पुलिस ने सडक़ के बगल से कुछ वाहनों को रास्ता देने का प्रयास किया. लेकिन बारिश के चलते कीचड़ हो जाने के कारण वहां पर वाहनों के धंसने की आशंका बनने लगी. जिसके चलते मार्ग के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई. जिसे देखते हुए थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे द्वारा क्रेन को मौके पर बुलाया गया.
क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को किनारे हटाया गया. जिसके बाद यातायात बहाल किया जा सका. लेकिन तब तक 10 किमी से अधिक दूरी तक इतनी संख्या में वाहन खड़े हो चुके थे कि आगे निकलने की होड़ में जबरदस्त जाम लगने लगा. आलम यह रहा कि सुबह के समय हुई दुर्घटना के बाद बाधित हुए राज्यमार्ग पर बेपटरी हुए यातायात के चलते शाम होने तक भी वाहन रेंगते दिखाई दिए
