सिंगरौली: जिला सहकारिता विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में सहकारिता व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के साथ किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
विधायक रामनिवास शाह ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारी समितियां किसानों के लिए महत्वपूर्ण आधार हैं। जरूरत इस बात की है कि अधिक से अधिक किसानों को समितियों से जोड़ा जाए और उन्हें समय पर ऋण, उर्वरक सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने नए सदस्यों के के्रडिट कार्ड बनाने तथा किसानों को योजनाओं का लाभ आसानी से दिलाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में ई-टोकन व्यवस्था, पैक्स के माध्यम से डिजिटल सुविधाओं के विस्तार तथा सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। वहीं भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रवेंद्रधर द्विवेदी ने प्रदेश एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित कृषि कल्याण योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के किसान तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और सहकारिता तंत्र को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में तियरा मंडल अध्यक्ष केपी शाह, सहायक अधिकारी मिश्रा, अनिल शाह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
