ग्वालियर: श्रीलंका के खिलाफ होने वाली 5 मैचों की टी-20 सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी गई है। बीसीसीआई विमेंस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इसकी जानकारी साझा की। ग्वालियर की रहने वाली स्पिनर वैष्णवी शर्मा को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है। वह ग्वालियर-चंबल की पहली क्रिकेटर हैं, जिसे इंडियन टीम में मौका मिला है।
वैष्णवी शर्मा ने कहा कि मुझे इस सेलेक्शन के बारे में स्नेह राणा से पता चला और मैं उस समय इंदौर के एक इवेंट में थी। वैष्णवी ने बताया कि इस सेलेक्शन के बाद ऐसा लगा रहा है जैसे मेहनत सफल हो रही हो। हाल हीं में वैष्णवी ने सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी में उपविजेता मध्य प्रदेश के लिए 11 मैचों में 4.5 की इकॉनमी से 21 विकेट लेकर सबसे अधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं।
हालांकि उन्हें डब्ल्यूपीएल 2026 में किसी टीम से खेलने का मौका नहीं मिल सका और वह अनसोल्ड रहीं। लेकिन, भारतीय टीम में सेलेक्शन ने उनके दर्द को खुशी में बदल दिया। भारतीय टीम में सेलेक्शन पर परिवार में भी खुशी की लहर है।भारतीय टीम में सेलेक्शन को लेकर जब वैष्णवी के पिता डॉ. नरेंद्र कुमार शर्मा से बात की गई तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने खिलाड़ी के संघर्ष को लेकर बात करते हुए कहा कि मुझे शुरू से ही अपनी बेटी पर पूरा भरोसा था। उन्होंने इस दौरान बताया कि कोविड-19 के समय एक ऐसा दौर था जब हमारे पास पैसे नहीं थे और मुझे अपना घर बेचना पड़ा था। लेकिन इन निराशाओं पर ये खुशी भारी है।
