इंदौर: शहर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर से जुड़ा एक मामला मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में सामने आया. मंदिर के पुजारी पुनीत भट्ट की पत्नी डॉ. इन्द्रा भट्ट ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की.डॉ. इन्द्रा भट्ट मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचीं. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति पुनीत भट्ट तथा ससुराल पक्ष के कुछ सदस्यों के खिलाफ विभिन्न शिकायतें और कानूनी प्रकरण दर्ज होने के बावजूद उन्हें मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश और पूजा-अर्चना की अनुमति दी जा रही है.
पीड़िता का कहना है कि ऐसे व्यक्तियों को धार्मिक दायित्व निभाने की अनुमति मिलने से मंदिर की गरिमा प्रभावित हो रही है और श्रद्धालुओं के बीच गलत संदेश जा रहा है. उन्होंने यह भी दावा किया कि इस विषय को लेकर देश और विदेश में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों ने भी आपत्ति जताई है. डॉ. इन्द्रा भट्ट ने आरोप लगाया कि मंदिर में आने वाले वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को विशेष दर्शन कराकर उनके पति और ससुराल पक्ष प्रभाव का उपयोग कर रहे हैं. साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि चल रहे मामलों में उन पर दबाव बनाने का प्रयास भी किया जा रहा है. शिकायत में उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों को मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश से रोका जाए तथा आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाए.
नियमानुसार जांच कर की जाएगी कार्रवाई
इस संबंध में जनसुनवाई के दौरान मौजूद एडीएम रोशन राय ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और आवेदन संबंधित डिप्टी कलेक्टर को भेजा गया है. मामले में नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने शिकायत पर उचित जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है
