इछावर में देर रात दर्दनाक सड़क हादसा: ड्यूटी से लौट रहे दो युवकों को कार ने रौंदा, एक की मौत, एक भोपाल रेफर

इछावर। बीती देर रात सीहोर-इछावर मार्ग पर घटित सड़क हादसे में एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में संघर्ष कर रहा है. हादसों की बढ़ती संख्या के बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खोखरी स्थित अनब्रेको कंपनी में कार्यरत दो युवक सोमवार रात अपनी ड्यूटी समाप्त कर दुपहिया वाहन से अपने गांव बावडिय़ा नोआबाद लौट रहे थे. रात करीब 12 बजे पालीवाल नर्सरी के पास दो पुलिया क्षेत्र में सामने से आ रही एक तेज रफ्तार ईको चार पहिया वाहन जो इछावर की बताई जा रही है ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सिविल अस्पताल इछावर पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजूक हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया. जिला अस्पताल में उपचार के दौरान धर्मेंद्र वर्मा ने दम तोड़ दिया. वहीं दूसरे घायल दिनेश वर्मा की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे भोपाल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.

सीहोर-इछावर स्टेट हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों ने इस मार्ग को मौत का कॉरिडोर बना दिया है. इस मार्ग पर आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं में मासूम लोगों की जान जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक सुरक्षा के कोई ठोस और प्रभावी पुख्ता इंतजाम नहीं कर पाया है. आखिर कब तक यह हाईवे लोगों की जिंदगी निगलता रहेगा? यह सवाल अब क्षेत्र की जनता खुलकर पूछ रही है.

 

 

Next Post

कुबेरेश्वर धाम के गेट बंद होने से व्यापारी आक्रोशित

Wed Jun 10 , 2026
सीहोर। कुबेरेश्वरधाम के गेट नंबर 1 और 2 बंद किए जाने के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली. सोमवार को बड़ी संख्या में व्यापारी धाम परिसर के बाहर एकत्रित हुए और गेट पुन: खोलने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. व्यापारियों का कहना है कि मुख्य प्रवेश द्वार […]

You May Like