
जबलपुर। रेल मदद 139 से मिली सूचना पर सतना स्टेशन के रेलकर्मियों ने ट्रेन में सफर कर रही करीब आठ माह की गर्भवती यात्री को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई। 21 वर्षीय श्रीमती काजल देवी ट्रेन संख्या 01449 के एस/6 कोच की बर्थ नंबर 66 पर पुणे से दानापुर की यात्रा कर रही थीं। सफर के दौरान अचानक दर्द होने की सूचना मिलते ही उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) ने आवश्यक सहायता जुटाई। कुलियों की मदद से स्ट्रेचर की व्यवस्था कर काजल देवी को परिजनों के साथ ट्रेन से उतारा गया और प्लेटफॉर्म नंबर 2 से सुरक्षित रूप से प्लेटफॉर्म नंबर 1 तक पहुंचाया गया।
इसके बाद रेलकर्मियों ने महिला यात्री को उनके परिजनों के साथ ऑटो से जिला चिकित्सालय, सतना भेजने की व्यवस्था की। कठिन परिस्थिति में समय पर मिली सहायता से परिजनों ने रेलकर्मियों का आभार जताया। रेल मंडल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा के साथ जरूरत के समय मानवीय सहायता उपलब्ध कराना भी रेलवे की प्राथमिकता है। सतना स्टेशन पर रेलकर्मियों की तत्परता और संवेदनशीलता ने इसी जिम्मेदारी की मिसाल पेश की।
