युवक के सुसाइड मामले में दो गिरफ्तार, पुलिसकर्मी बनकर मांगे थे 10 लाख

नीमच। जिले के मनासा थाना क्षेत्र के बर्डीया जागीर में युवक मोहित पाटीदार की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मोहित ने दो दिन पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी और एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया था। पुलिस ने खुलासा किया है कि आरोपियों ने ‘निकिता’ नाम की फर्जी आईडी बनाकर मोहित को ब्लैकमेल किया था।

एसपी अंकित जायसवाल ने बुधवार शाम को प्रेस वार्ता में बताया कि जांच में सामने आया है कि मृतक मोहित के घर पर दो व्यक्ति एक सफेद टाटा फ्रांस कार से पहुंचे थे। उन्होंने फर्जी इंस्टाग्राम चैटिंग दिखाकर खुद को नकली पुलिसकर्मी बताया और मोहित को डरा-धमकाकर अवैध रूप से 10 लाख रुपए की मांग की। परिजनों ने उन्हें 1000 रुपए दिए थे। इस प्रताडऩा के बाद मोहित ने आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने इन्हें किया गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में भाटखेड़ी निवासी पंकज धनगर (28) पुत्र बोधलाल धनगर और कैलाश रेगर (45) पुत्र जगन्नाथ रेगर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से टाटा फ्रांस कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से लडक़ों को करता ब्लैकमेल

आरोपियों ने कबूल किया है कि वे पंकज की बनाई गई फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के जरिए युवकों को फंसाते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लड़कियों के नाम से तीन-चार फर्जी आईडी बना रखी थीं। वे लगातार लोगों से चैटिंग करते थे और फिर पंकज खुद को फर्जी पुलिसकर्मी बताकर वारदात को अंजाम देता था।

एसपी ने बताया कि आरोपियों ने मंदसौर, रतलाम और नीमच में भी इसी तरह की वारदातें करना स्वीकार किया है, जिनकी पुलिस जांच कर रही है। एसपी ने आमजन से अपील की है कि यदि इन आरोपियों ने उनके साथ भी ऐसी कोई घटना की हो तो मनासा थाना या नीमच साइबर सेल पर शिकायत दर्ज कराएं।

Next Post

विवि में कम्बल का वितरण, कुलगुरू ने कहा नर सेवा ही नारायण सेवा

Wed Dec 10 , 2025
रीवा। अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, रीवा के कुलगुरु के नेतृत्व में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों, आउट सोर्स कर्मचारियों तथा मजदूरों को कम्बल वितरण किया गया. इस अवसर पर अमरपाटन विधानसभा के पूर्व विधायक राम खेलावन पटेल, विश्वविद्यालय के कुुलसचिव प्रो. सुरेन्द्र सिंह परिहार के साथ-साथ विश्वविद्यालय के आचार्यगण, कर्मचारीगण भी उपस्थित […]

You May Like