नयी दिल्ली, 18 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारत की यात्रा पर आये नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वागले से गुरुवार को राजधानी में मुलाकात की और दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापारिक और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत बनाये जाने पर बल दिया।
इस बैठक में विदेश सचिव और आर्थिक विभाग के सचिव भी शामिल थे।
वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दोनों मंत्रियों ने बाढ़ के असर और नेपाल की पुनर्निर्माण और पुनर्वास की प्राथमिकताओं पर चर्चा की। श्रीमती सीतारमण ने नेपाल में हाल ही में आई बाढ़ में हुई जान-माल की हानि पर संवेदना व्यक्त की और नेपाल के उबरने और पुनर्निर्माण के प्रयासों में भारत के निरंतर समर्थन का भरोसा दिलाया।
डॉ. वागले ने भारत के समर्थन के लिए वित्त मंत्री का धन्यवाद किया और भारत द्वारा दी गई सहायता की सराहना की। गौरतलब है कि नेपाल में हाल में हुई भीषण प्राकृतिक आपदा को देखते हुए वहां के लोगों के लिए राहत सामग्री और बचाव व राहत कार्यों के लिए तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई है।
वित्त मंत्रालय ने दोनों देशों के वित्त मंत्रियों की इस बैठक के बारे में कहा, ” बातचीत में विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ व्यापार, निवेश और लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान को बढ़ाने के लिए संपर्क सुविधाओं को बेहतर करने की पहलों पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने भारत और नेपाल के बीच व्यापार और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने के महत्व पर जोर दिया।”
डॉ. वागले की नेपाल के वित्त मंत्री के तौर पर यह भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है।
