‘सनातन ही असली धर्म’, दिग्विजय सिंह बोले- हिंदुत्व नफरत, हिंसा और अफवाह का रास्ता

गुना। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ बुधवार को 18वें दिन आरोन पहुंची। यहां सनकादिक आश्रम में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बीजेपी, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद पर निशाना साधा।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि सनातन प्रेम और अहिंसा का मार्ग है, जबकि हिंदुत्व नफरत, हिंसा, झूठ और अफवाह का रास्ता है। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व कोई धर्म नहीं है, बल्कि सनातन ही असली धर्म है। उनके मुताबिक, कुछ संगठन हिंदुत्व के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वे वोट और नोट की चोरी के खिलाफ पदयात्रा निकाल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दे भी उठाए और यात्रा को मिल रहे जनसमर्थन का जिक्र किया।

दिग्विजय सिंह के आरोन पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। पूरे शहर को रंगीन रोशनी से सजाया गया और सड़कों पर दीप जलाए गए। दीपों से ‘आरोन में स्वागत राजा साहब’ लिखा गया। यात्रा के स्वागत में शहर में दीपावली जैसा माहौल नजर आया।

सभा की शुरुआत में कांग्रेस नेता रामलला यादव के पुत्र अभिराज यादव ने अंग्रेजी में स्वागत भाषण दिया। उन्होंने सनातन धर्म को जीवन दर्शन बताते हुए यात्रा को इसके मूल्यों को आगे बढ़ाने का माध्यम बताया। आरोन पहुंचने से पहले तमेड़ी, झाझोन, अमरपुरा और शहरोक सहित आसपास के गांवों में भी यात्रा का स्वागत किया गया।

Next Post

भाजपा कार्यालय में मंत्रियों ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं

Thu Nov 12 , 2026
भोपाल। भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को कैबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा और मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने क्षेत्रों की जनसमस्याएं और सुझाव मंत्रियों के सामने रखे। मंत्रियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते […]

You May Like