
भोपाल। भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को कैबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा और मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने क्षेत्रों की जनसमस्याएं और सुझाव मंत्रियों के सामने रखे। मंत्रियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
जिन मामलों में विभागीय स्तर पर कार्रवाई की आवश्यकता है, उन्हें संबंधित विभागों को भेजा गया। मंत्रियों ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से सामने आई जनसमस्याओं का प्राथमिकता से परीक्षण कर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में संगठन भी जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
