
मुलताई। पवित्र नगरी में मां ताप्ती मंदिर का ट्रस्ट बनाया हुआ है। उक्त ट्रस्ट द्वारा समय समय पर कार्यक्रम कराए जाते है, अब ट्रस्ट की वैधता पर सवाल उठाते हुए भंग करने की मांग को लेकर समिति के दिनेश कालभोर, गोलू उघड़े सहित युवाओं ने एसडीएम को सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में सौपा है।जिसमे संपूर्ण ताप्ती तीर्थ क्षेत्र हेतु शासन से मान्यता प्राप्त नवीन माँ ताप्ती मंदिर समिति एवं मंदिर कोष के गठन करने का अनुरोध किया है।
ज्ञापन में बताया मुलताई स्थित माँ ताप्ती उद्गम स्थल धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण तीर्थ क्षेत्र है। यहाँ लगभग 35 प्राचीन एवं नवीन मंदिर, पवित्र सरोवर, कुंड, घाट एवं उनसे संबंधित सैकड़ों एकड़ भूमि स्थित है। मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2009 में राजपत्र अधिसूचना के माध्यम से मुलताई को पवित्र नगरी घोषित कर विभिन्न शासकीय विभागों के दायित्व भी निर्धारित किए गए थे।वर्तमान समिति का विधिवत स्वीकृत संविधान,बायलॉज एवं गठन संबंधी प्रमाणित दस्तावेज आवेदकों को उपलब्ध नहीं हुए हैं।तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी द्वारा इस समिति का पंजीयन किस वैधानिक अधिकार एवं किन दस्तावेजों के आधार पर किया गया, इसका पंजीयन आदेश एवं संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं। समिति मध्यप्रदेश शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग अथवा संस्कृति विभाग में पंजीकृत
मान्यता प्राप्त होने का कोई प्रमाणित दस्तावेज हमारे संज्ञान में नहीं है। उक्त विभागों से समिति को शासकीय अनुदान प्राप्त होने की जानकारी भी उपलब्ध नहीं है। वर्तमान समिति के गठन एवं कार्यप्रणाली में वर्ष 2009 की पवित्र नगरी संबंधी राजपत्र अधिसूचना तथा उसमें निर्धारित विभिन्न विभागों के दायित्वों का कोई स्पष्ट संदर्भ उपलब्ध नहीं है। समिति के अभिलेखों में संपूर्ण ताप्ती क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों, देवस्थानों, नदी एवं कुंडों के संरक्षण संबंधी वैधानिक प्रावधानों तथा मंदिरों की भूमि के खसरा नंबरवार विवरण एवं राजस्व अभिलेखों का समुचित उल्लेख उपलब्ध नहीं कराया गया है।उपरोक्त परिस्थितियों में वर्तमान समिति के गठन, पंजीयन, अधिकार क्षेत्र एवं वित्तीय कार्यप्रणाली की निष्पक्ष एवं दस्तावेजी जांच कराई जाए,मध्यप्रदेश शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग तथा संस्कृति विभाग से समिति के पंजीयन, मान्यता एवं अनुदान संबंधी आधिकारिक स्थिति प्राप्त की जाए। जांच में समिति का गठन एवं संचालन वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर सक्षम प्राधिकारी के माध्यम से वर्तमान समिति को तत्काल प्रभाव से भंग करने की कार्यवाही की जाए।संपूर्ण माँ ताप्ती उद्गम क्षेत्र के लगभग 35 मंदिरों, कुंडों, घाटों एवं संबंधित संपत्तियों के संरक्षण एवं विकास हेतु मध्यप्रदेश शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के प्रचलित नियमों के अंतर्गत नवीन विधिवत पंजीकृत एवं शासन से मान्यता प्राप्त माँ ताप्ती मंदिर समिति के गठन का प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया जाए।
नवीन समिति के अधीन समर्पित माँ ताप्ती मंदिर कोष स्थापित करने की व्यवस्था की जाए, जिसमें दानराशि, चढ़ावा, शासकीय अनुदान एवं अन्य वैधानिक स्रोतों से प्राप्त राशि का पारदर्शी लेखा संधारण एवं मंदिरों के विकास में नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित हो। संपूर्ण मंदिर भूमि एवं परिसंपत्तियों का खसरा नंबरवार सर्वेक्षण, सीमांकन, अतिक्रमण की पहचान तथा संरक्षण एवं विकास हेतु समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। ज्ञापन में जनहित एवं धार्मिक धरोहर के संरक्षण को दृष्टिगत रखते हुए तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक जांच एवं वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा प्रकरण को जिला प्रशासन एवं शासन के सक्षम विभागों को अनुशंसा सहित प्रेषित करने की मांग की है।
