एक लाख 11 हजार दीपों से जगमगाया ग्वारीघाट, सेवा संकल्प अभियान में उमड़ा जनसैलाब

जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा जबलपुर महानगर के सेवा संकल्प अभियान का बुधवार को भव्य आगाज हुआ। ग्वारीघाट में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में मां नर्मदा के तट पर 1 लाख 11 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। मध्यप्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के गौरव को विश्वपटल पर नेतृत्वकर्ता के रूप में स्थापित किया है और उनका सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण व राष्ट्रहित को समर्पित रहा है। सांसद आशीष दुबे, राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष रत्नेश सोनकर, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, विधायक अशोक रोहाणी, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन सहित जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना की। अभियान के तहत दिन की शुरुआत गीता भवन स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस कन्वेंशन सेंटर में रक्तदान शिविर से हुई, जहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने रक्तदान किया। राकेश सिंह ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान जन्मदिवस को सेवा और जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास है। इसके तहत रक्तदान, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पौधरोपण और जनजागरूकता सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा सेवा और सुशासन से जुड़ी रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्वलन नहीं, बल्कि सेवा, आभार और राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।

इनकी रही विशेष सहभागिता 

ग्वारीघाट के अलावा शहर के 13 प्रमुख स्थानों पर भी आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम हुआ। कचनार सिटी शिव मंदिर, राइट टाउन क्रीड़ांगन, काली मंदिर सदर, राम मंदिर जीसीएफ, दुर्गा मंदिर कांचघर, बड़ी खेरमाई मंदिर, हनुमान मंदिर रानीताल, साईं मंदिर सिविल लाइन, हनुमानताल, पंचमठा मंदिर गढ़ा, मानेगांव तालाब और अधारताल तालाब सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए गए। वहीं प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर राकेश सिंह ने महाकौशल कॉलेज परिसर, सिविल लाइन में पौधरोपण भी किया। कार्यक्रमों में पंकज दुबे, रंजीत पटेल, अभय सिंह ठाकुर, श्रीकांत साहू, संदीप जैन, रिकुंज बिज, कौशल सूरी, रवि शर्मा, योगेश बिलोहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।

Next Post

पार्किंग की जगह बिल्डर ने बनाई 18 दुकानें, ग्वालियर नगर निगम ने चलाया बुलडोजर

Thu Sep 17 , 2026
ग्वालियर। नगर निगम से प्राप्त अनुमति के विपरीत निर्माण करने पर वार्ड 21 में 18 दुकानों एवं थौराट की गोठ में रोड़ पर बनी दीवाल पर ग्वालियर नगर निगम के अफसरों ने बुलडोजर चलाया। नगर निगम के मुताबिक यहाँ बिल्डर मोहन बांदिल और ऋषभ जैन मिलकर एक बिल्डिंग बना रहे […]

You May Like