सेवा संकल्प अभियान: जिला चिकित्सालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुसमी में रक्तदान शिविर आयोजित

सीधी। शासन के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत 17 सितम्बर 2026 को जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में जिला चिकित्सालय सीधी के ब्लड बैंक तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुसमी में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर के माध्यम से जिले में कुल 48 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

जिला चिकित्सालय सीधी में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ सांसद डॉ.राजेश मिश्रा एवं विधायक रीती पाठक, देव कुमार सिंह चौहान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर अतिथियों ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि एक बूंद खून, किसी की जिंदगी की उम्मीद… रक्तदान महादान है। सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी अथवा आपातकालीन स्थिति में समय पर उपलब्ध रक्त किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सक्षम नागरिकों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। विधायक रीती पाठक ने कहा कि रक्तदान ऐसा पुण्य कार्य है जिसका लाभ सीधे किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन से जुड़ता है। रक्तदान करने वाले व्यक्ति को यह भी पता नहीं होता कि उसके द्वारा दिया गया रक्त किस जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद लेकर आएगा। उन्होंने पुलिस जवानों, स्वास्थ्य कर्मियों, औद्योगिक संस्थानों के कर्मचारियों एवं आम नागरिकों द्वारा उत्साहपूर्वक किए गए रक्तदान की सराहना की और अधिक से अधिक लोगों से इस मानवीय अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया। शिविर में पुलिस जवानों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। जिला चिकित्सालय सीधी के ब्लड बैंक में कुल 21 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ। इसमें पुलिस प्रशासन के 8 जवानों, अल्ट्राटेक बघवार के 5 कर्मचारियों तथा आम नागरिकों द्वारा 8 यूनिट रक्तदान किया गया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुसमी में 27 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। इस प्रकार दोनों स्थानों पर कुल 48 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने बताया कि जिले में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने रक्तदाताओं, पुलिस प्रशासन, अल्ट्राटेक प्रबंधन एवं मीडिया प्रतिनिधियों सहित सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिला प्रभारी सचिव ने किया निरीक्षण

सेवा संकल्प अभियान के राज्य स्तरीय जिला प्रभारी एवं मध्यप्रदेश शासन वित्त विभाग के सचिव लोकेश जाटव ने जिला चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया। कलेक्टर विकास मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद, एसडीएम प्रिया पाठक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अशोक कुमार खरे, सिविल सर्जन डॉ.दीपा रानी इसरानी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदान प्रक्रिया एवं ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों से रक्त संग्रहण एवं उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जिला चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों तथा ऊपरी तल पर निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्माण कार्य एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Next Post

अमेरिका के साथ तनाव के बीच कार्नी ने ईयू के 'सहयोगी सदस्य' बनने के प्रस्ताव का स्वागत किया

Thu Sep 17 , 2026
ओटावा, 17 सितंबर (वार्ता) कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने उनके देश को यूरोपीय संघ (ईयू) का अपना पहला “सहयोगी सदस्य” बनाने के प्रस्ताव का स्वागत किया और कहा कि अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच दोनों पुराने सहयोगियों के बीच करीबी संबंध आर्थिक एवं सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से […]

You May Like