इंदौर:खजराना थाना क्षेत्र में अपनी रकम वापस मांगने मां के घर पहुंची युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. युवती का आरोप है कि रकम देने से इनकार करने के बाद मां, बहन और भाई ने उसके साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.
ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी मंतशा पटेल अपनी रकम वापस लेने के लिए खिजराबाद कॉलोनी स्थित मां आयशा के घर पहुंची थी. मंतशा ने मां से अपनी रकम देने के लिए कहा तो आयशा ने रकम या सामान होने से इनकार कर दिया.
इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी होने लगी और आयशा ने गाली-गलौज शुरू कर दी. मंतशा ने गाली देने का विरोध किया तो विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान आयशा, उसकी बेटी सानिया और बेटे आमिल हुसैन ने मिलकर मंतशा के साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की. आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी. इसके बाद युवती ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है. मामले में फरियादी के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
