जम्मू, 13 सितंबर (वार्ता) श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सचिन कुमार वैश्य ने शनिवार को 22 सितंबर से शुरू होने वाले नौ दिवसीय नवरात्रों के मद्देनजर और त्योहार के दौरान निर्बाध तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के लिए आध्यात्मिक विकास केंद्र कटरा में एक संयुक्त बैठक की अध्यक्षता की।
सीईओ ने 22 सितंबर से शुरू होकर 1 अक्टूबर, 2025 तक चलने वाले आगामी नवरात्रों की तैयारियों की व्यापक समीक्षा के लिए सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक बुलाई।
बैठक में एसएमवीडीएसबी के सीईओ के अतिरिक्त सेना और पुलिस के अनेक वरिष्ठ अधिकारी सहित अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं तथा अन्य संबद्ध एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
सीईओ ने इस बात पर जोर दिया कि नवरात्रि नजदीक आ रही है और बोर्ड को पवित्र तीर्थस्थल के साथ-साथ आधारशिविर कटरा में भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ के उमड़ने की उम्मीद है। उन्होंने नवरात्रि उत्सव के दौरान सभी हितधारकों के बीच तालमेल पर जोर दिया। उन्होंने आने वाले दिनों में बिना किसी परेशानी के तीर्थयात्रा के लिए विभिन्न मोर्चों पर कार्रवाई करने का भी आह्वान किया।
सीईओ ने एसएमवीडीएसबी के अध्यक्ष के निर्देशों के अनुसार अग्निशमन व्यवस्था और अनुकरण अभ्यास सहित आपदा प्रबंधन तैयारियों के महत्व पर जोर दिया।
