इंदौर: विजयनगर थाना क्षेत्र में स्थित एक कैफे के बाहर शोर-शराबा कर रहे दो युवकों को टोकना एक कैफे संचालक को भारी पड़ गया. नशे की हालत में पहुंचे युवकों ने कैफे संचालक के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि मारपीट कर सिर पर कड़ा मारकर घायल भी कर दिया. घायल संचालक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है.
घटना गंगादेवी नगर स्थित नफ्फासी कैफे के बाहर रविवार देर शाम की है. कैफे संचालक विकास राठौर निवासी सिंगापुर टाउनशिप ने विजयनगर थाने में दी शिकायत में बताया कि वह अपने भाई साहिल तिवारी के साथ मिलकर कैफे पर सामान व्यवस्थित कर रहा था. उसी दौरान दो युवक नशे की हालत में कैफे के बाहर आकर जोर-जोर से चिल्लाने लगे और अशांति फैला रहे थे. जब विकास ने उन्हें शांत रहने और गाली-गलौज करने से मना किया तो दोनों युवक आक्रोशित हो गए और मारपीट शुरू कर दी.
विरोध करने पर एक आरोपी ने विकास के सिर पर हाथ में पहना हुआ लोहे का कड़ा मार दिया, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा. शोर सुनकर भाई साहिल बीच-बचाव के लिए दौड़ा, तब जाकर आरोपी वहां से भागे. पुलिस ने विकास राठौर की शिकायत पर शीतल नगर निवासी कुलदीप और निरंजनपुर निवासी करण के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया है.
दोनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है. स्थानीय व्यापारियों ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नशे में उत्पात करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों
