इजरायल के मददगार किसी भी जहाज को मलेशियाई भूभाग या बंदरगाह के उपयोग की अनुमति नहीं : इब्राहिम

कुआलालंपुर/नयी दिल्ली, 15 सितंबर (वार्ता) मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहीम ने कड़ा रूख जताते हुए घोषणा की है कि मलेशियाई भूभाग या बंदरगाहों का उपयोग किसी भी ऐसे जहाज के लिए नहीं होने दिया जायेगा जो इजरायल की जंगी ताकत में इजाफा करता हो या फिलस्तीनियों एवं अन्य बेकसूर लोगों के खिलाफ उसके अत्याचारों में योगदान देता हो।

श्री इब्राहीम ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर यह बयान जारी किया।

मलेशियाई प्रधानमंत्री का यह बयान उस घटनाक्रम के बाद आया है जब मलेशियाई सीमा नियंत्रण एवं सुरक्षा एजेंसी ने जोहोर स्थित तंजुंग पेलेपास बंदरगाह पर इजरायल जा रहे संदिग्ध फौजी सामान वाले कंटेनरों को जब्त कर लिया था। इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब यह बात सामने आयी कि कड़े अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के बावजूद कुछ रसद शिपिंग कंपनियां मलेशियाई बंदरगाहों का इस्तेमाल इजरायली सैन्य अभियानों के लिए सामग्री भेजने के एक गुप्त रास्ते के रूप में कर रही थीं।

इसी घटनाक्रम पर संज्ञान लेते हुए श्री इब्राहीम ने सार्वजनिक रूप से अपनी सरकार सरकार का कड़ा रुख जाहिर किया है।

श्री इब्राहीम ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि मलेशिया की स्थिति इस विषय पर बिल्कुल स्पष्ट और असंदिग्ध है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध शिपमेंट की मलेशियाई कानूनों के तहत सख्त जांच और पड़ताल की जायेगी। अगर जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित संस्थाओं के खिलाफ तेजी से और निर्णायक कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

उल्लेखनीय है कि मलेशिया सरकार ने दिसंबर 2023 से ही इजरायली ध्वज वाले जहाजों और इजरायल जाने वाले किसी भी मालवाहक जहाज के मलेशियाई बंदरगाहों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। श्री इब्राहिम ने स्पष्ट किया है कि मलेशिया फलस्तीनी लोगों के अधिकारों और मानवीय न्याय की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता पर सख्ती से कायम रहेगा और देश की संप्रभु भूमि का इस्तेमाल युद्ध को बढ़ावा देने के लिए नहीं होने देगा।

 

 

Next Post

पटवारियों की भूमिका व अधिकार क्षेत्र स्पष्ट हो, अतिरिक्त कार्यभार कम किया जाए : नीरज चौरसिया

Tue Sep 15 , 2026
दमोह| मप्र पटवारी संघ के प्रांतीय प्रवक्ता नीरज चौरसिया ने पटवारियों की विभिन्न समस्याओं व मांगों को लेकर प्रमुख बिंदुओं को सामने रखा। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते अतिरिक्त कार्यभार के कारण पटवारियों के मूल राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। शासन को पटवारियों की जिम्मेदारियों व अधिकारों को स्पष्ट […]

You May Like