
सिंगरौली । म.प्र. के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग को लेकर अभाविप के कार्यकर्ताओं ने आज मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदेश सरकार से छात्रसंघ चुनाव तत्काल बहाल करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक कलेक्टर स्वयं मौके पर आकर ज्ञापन नहीं लेंगे, तब तक वे ज्ञापन नहीं सौंपेंगे। हालांकि बाद में एसडीएम सुरेश जाधव को ज्ञापन सौंपा गया। अभाविप की ओर से उच्च शिक्षा मंत्री, उच्च शिक्षा विभाग, म.प्र. सरकार, मंत्रालय भोपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में वर्ष 2017 से छात्रसंघ चुनाव बंद हैं। इसके चलते प्रदेश के लाखों विद्यार्थी लंबे समय से अपने लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित हैं।
महाविद्यालय में पेयजल संकट, एबीवीपी ने की शिकायत
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने आज मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर महाविद्यालय में व्याप्त समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के दौरान एसडीएम सुरेश जाधव से महाविद्यालय में पेयजल की गंभीर समस्या की शिकायत की। एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कहना था कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। परिसर में आरओ मशीन तो लगाई गई है, लेकिन उससे शुद्ध एवं प्यूरीफाइड पानी उपलब्ध नहीं हो रहा है। इसके कारण विद्यार्थियों को पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि महाविद्यालय में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। ऐसे में गर्मी और उमस के बीच पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था होना बेहद जरूरी है।
