आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान और चाकू किया जब्त
अन्य मामलों में पुलिस कर रही पूछताछ
इंदौर: खजराना पुलिस ने चाकू की नोक पर लोगों से लूटपाट करने वाले दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट के सामान के साथ ही वारदात में इस्तेमाल चाकू भी जब्त किया है. पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनसे अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है.खजराना थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने बताया कि मंगलवार 14 जनवरी को थाना क्षेत्र में रहने वाले फरियादी रामजीवन कुशवाह ने थाने पहुंच कर पुलिस को बताया था कि सोमवार की रात लगभग 8 बजे जब वह घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में दो युवक आए और चाकू दिखाकर उनका मोबाइल फोन और नगदी लूटकर फरार हो गए थे.
पुलिस ने फरियादी की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर वरिष्ष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार टीम का गठन कर, सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की. मुखबिर ने जानकारी दी कि स्टार चौराहे के पास स्कीम नंबर 134 में दो संदिग्ध युवक लूटपाट की फिराक में घूम रहे है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को घेराबंदी कर शुभ लाभ टॉवर में रहने वाले 19 वर्षीय रेहान खान के साथ हिना कालोनी में रहने वाले 21 वर्षीय अली उर्फ सलीम को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूट की घटना को स्वीकार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और नगदी के साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और रिमांड पर लेकर उनसे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है.
