
उज्जैन। नागझिरी थाने में तैनात प्रधान आरक्षक पप्पू सौराष्ट्री की सीने में दर्द उठने के बाद हार्ट अटैक से शनिवार शाम मौत हो गई। पुलिस विभाग में प्रधान आरक्षक की मौत होने की खबर आई तो नागझिरी थाना स्टाफ निजी अस्पताल पहुंच गया। अभिषेक नगर में रहने वाला पप्पू पिता नारायण सिंह सौराष्ट्रीय नागझिरी थाने में प्रधान आरक्षक के पद पर 3 सालों से पदस्थ था। 27 साल पहले पुलिस विभाग में शामिल हुए पप्पू ने शहर के कई स्थानों पर अपनी ड्यूटी कत्र्तव्य निष्ठा के साथ की थी। शनिवार शाम अचानक सीने में दर्द उठा और घर में ही सीढिय़ों से गिर गया।
परिवार उसे नानाखेड़ा स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचा जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हार्ट अटैक से हुई मौत के बाद जहां नागझिरी थाने का स्टाफ अस्पताल पहुंच गया था वहीं नानाखेड़ा थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची थी। मामले में मर्ग कायम किया गया और प्रधान आरक्षक की बॉडी को चरक अस्पताल लाया गया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया है। बताया जा रहा है कि दिवंगत प्रधान आरक्षक मूल रूप से शाजापुर का रहने वाला था और अभिषेक नगर में अपने पुत्र और मां के साथ रहता था। पत्नी से तलाक हो चुका था।
